रांची: झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन भी आज JPSC-JSSC में हुई धांधली और जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में लगातार अनशन पर बैठे अभ्यर्थियों के मामले को लेकर जबरदस्त हंगामा हुआ. बीजेपी विधायकों ने सदन और सदना के बाहर जोरदार हंगामा किया। विरोध कर रहे विधायकों के शरीरों पर ‘JPSC रेट चार्ट’ लिखे चोले देखने को मिला। इस चोले पर जेपीएससी के तहत आने वाले विभिन्न प्रशासनिक पदों के कथित रेट लिखे हुए थे.

सदन के अंदर और बाहर प्रदर्शन
जानकारी के मुताबिक झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र में शुक्रवार को JPSC-JSSC भर्ती परीक्षा में कथित अनियमितताओं का मुद्दा जोरदार तरीके से गूंजा। विपक्षी बीजेपी विधायकों ने सदन के अंदर और बाहर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए भर्ती घोटाले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही भी प्रभावित हुई।
सरकार की ओर से सकारात्मक संकेत
इस बीच सरकार की ओर से सकारात्मक संकेत मिले हैं। राज्य सरकार ने छात्र प्रतिनिधियों से बातचीत करने की सहमति जताई है। प्रस्तावित वार्ता में छात्र अपनी मांगें सीधे सरकार के सामने रखेंगे। जानकारी के मुताबिक, बैठक मीडिया की मौजूदगी में कराने की भी तैयारी है ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी रहे। हालांकि सरकार के तरफ से इस बात की फिलहाल पुष्टि नहीं की गई है कि बैठक में मीडिया रहेगी या नहीं
उधर छात्र संगठन JPSC परीक्षा में कथित गड़बड़ियों की न्यायिक या CBI जांच, दोषियों की गिरफ्तारी और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग पर अड़े हुए हैं। सरकार और छात्रों के बीच होने वाली वार्ता पर अब सभी की नजरें टिकी हैं। यदि बातचीत सफल रहती है तो लंबे समय से जारी आंदोलन को नई दिशा मिल सकती है।

अनशनकारी छात्र राहुल की बिगड़ी तबीयत
इधर, जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में अभ्यर्थियों का बेमियादी अनशन शुक्रवार को भी जारी रहा. इस दौरान राहुल नाम के एक प्रतियोगी छात्र की तबीयत अचानक बिगड़ गई. आनन-फानन में एंबुलेंस और विरोध कर रहे अन्य साथियों की मदद से उसे रांची सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है. घटना की जानकारी रांची सदर एसडीओ को भी दे दी गई है.

