News Desk :पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की 79वीं जयंती आज पुरे देश भर में मनाया जा रहा है। पटना के सदाकत आश्रम में कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा, कांग्रेस एमएलसी प्रेमचंद्र मिश्रा समेत तमाम नेता मौजूद रहे। कांग्रेस के तमाम नेता और कार्यकर्ताओं ने सदाकत आश्रम में मौजूद राजीव गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
कांग्रेस एमएलसी समीर सिंह ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी जी के जयंती पर सदाकत आश्रम में बिहार के तमाम कांग्रेस जन इकट्ठा हुए हैं। तमाम लोगों ने उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किया है। राजीव गांधी का देश के लिए बहुत सारा योगदान रहा है। जिस तरीके से आज देश में पंचायती राज व्यवस्था मजबूत हुआ है। जिस तरीके से सूचना क्रांति का अनुभव हम लोग पूरे देश में कर रहे हैं। भारत की पूरी प्रतिष्ठा जो बढ़ी है। यह राजीव गांधी की ही देन है। इस मौके पर हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि राजीव गांधी का जो सपना है। उनके सपने को आने वाले समय में हमारे नेता राहुल गांधी पूरा करें।
“उनके योगदान को देश नहीं भूला सकता है”
कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा ने कहा कि निश्चित रूप से वह देश के पूर्व प्रधानमंत्री थे हमारे नेता भी थे और हमारे देश के आदर्श भी हैं। कम समय में उन्होंने देश को आगे बढ़ाने और विदेश नीति को मजबूत करने का काम किया था। देश को कंप्यूटर सेवा देने का और संगठन को मजबूती देने का भी काम उन्होंने किया था।
कांग्रेसी एमएलसी प्रेमचंद्र मिश्रा ने कहा कि राजीव गांधी के जयंती के अवसर पर हमने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है। यह राष्ट्र उनके योगदान और उनके उपलब्धियां को भुला नहीं सकता है। नई शिक्षा नीति के मामले में, 18 साल के नौजवानों को जो वोटिंग राइट्स दिया उन्होंने उस चीज को कोई भी भुला नहीं सकता है। हमें उनके बताए रास्ते पर आगे चलना है यही हमने आज संकल्प लिया है।
दिल्ली में वीरभूमि पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी समेत कई नेताओं ने पूर्व पीएम राजीव गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की.
वीरभूमि पर अपने पिता राजीव गांधी को श्रद्धांजलि देने के लिए पहुंची प्रियंका गांधी के साथ उनके पति रॉबर्ट वाड्रा भी नजर आए. राजीव गांधी भारत के सबसे पहले युवा प्रधानमंत्री भी थे, जिनकी 21 मई, 1991 को तमिलनाडु में निर्मम हत्या कर दी गई थी. प्रधानमंत्री के तौर पर राजीव गांधी को काफी पसंद किया जाता था.
राहुल गांधी ने लद्दाख में किया पिता को याद
वहीं, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और वायनाड से सांसद राहुल गांधी ने अपने पिता और भारत के पूर्व प्रधानमंत्री को लद्दाख में 14270 फीट की ऊंचाई पर पैंगात्सो झील के किनारे श्रद्धांजलि दी. समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विकास रसूल वानी ने कहा, “आज राहुल गांधी यहां राजीव गांधी को श्रद्धांजलि देंगे. राजीव गांधी ने देश के लिए अपनी जान कुर्बान कर दी. हम उन्हें याद करने के लिए यहां एकत्र हुए हैं.”