DELHI: भारत के लिए आज बेहद खास दिन है . आज दोपहर 2.30 बजे श्रीहरिकोटा से चंद्रयान-3 लॉन्च किया जायेगा. भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) आज चांद पर उतरने की एक और कोशिश करने जा रहा है। भारतीय वैज्ञानिकों के इस मिशन पर पूरी दुनिया की नज़रें लगी हुई हैं। चांद की सतह पर उतरने की भारतीय वैज्ञानिकों की ये दूसरी कोशिश है। अगर भारत चांद की सतह पर उतरने में कामयाब हो जाता है तो वो दुनिया में अमेरिका, रूस और चीन के बाद चौथा देश हो जाएगा जो ये कामयाबी हासिल करेगा।
चांद पर लैंडर की सॉफ्ट लैंडिंग
भारत आज अंतरिक्ष में एक और बड़ी छलांग लगाने वाला है. इसरो के इस मिशन का मुख्य उद्देश्य चांद पर लैंडर की सॉफ्ट लैंडिंग करना है. जो चंद्रयान-2 सही तरीके से नहीं कर पाया था। आज ISRO चंद्रमा के अपने तीसरे मिशन चंद्रयान-3 को लॉन्च किया जायेगा। अब से कुछ घंटे बाद दोपहर चंद्रयान-3 लॉन्च हो जाएगा.
लैंडिंग 24 से 25 अगस्त के बीच होगी
श्रीहरिकोटा के सतीश धवन स्पेस सेंटर में 25 घंटे पहले लॉन्चिंग की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। इसरो का फैट ब्वाय कहा जाने वाला जीएसएलवी मार्क-3 रॉकेट चंद्रयान को अंतरिक्ष में लेकर जाएगा। लॉन्चिंग के बाद रॉकेट इसे पृथ्वी के बाहरी ऑर्बिट तक ले जाएगा। इस दौरान रॉकेट 36 हजार किमी/घंटे की अधिकतम रफ्तार तक सफर करेगा। इसे पूरा करने में इसे 16 मिनट लगेंगे। पहले पृथ्वी के आर्बिट और उसके बाद चंद्रमा के आर्बिट में चक्कर लगाते हुए, आज से ठीक 41 दिन बाद चंद्रयान-3 की चांद की सतह पर लैंडिंग 24 से 25 अगस्त के बीच होगी।
चंद्रयान-3 की चंद्रमा पर लैंडिंग 23-24 अगस्त को तय की गई है, लेकिन वहां सूर्योदय की स्थिति को देखते हुए इसमें बदलाव हो सकता है। अगर सूर्योदय में देरी होती है तो इसरो लैंडिंग का समय बढ़ाकर इसे सितंबर में कर सकता है।
चंद्रयान-3 में ऑर्बिटर नहीं होगा
चंद्रयान-2 की तरह ही चंद्रयान-3 में भी लैंडर और रोवर भेजा जाएगा, लेकिन इसमें ऑर्बिटर नहीं होगा। ऐसा इसलिए है क्योंकि पिछले मून मिशन का ऑर्बिटर अभी भी अंतरिक्ष में काम कर रहा है।