Giridih –जम्मू कश्मीर के पुलवामा के अवंतीपुरा में शुक्रवार अहले सुबह आंतकियों से हुए मुठभेड़ में गिरिडीह के देवरी का बेटा शहीद हो गया है। शहीद जवान के परिजनों ने इसकी पुष्टि की है। शहीद जवान का नाम अजय राय है। 28 वर्षीय अजय सीआरपीएफ में था। मुठभेड़ दौरान गोली लगने से मौके पर ही शहीद हो गया।
सर्च ऑपरेशन के दौरान हुआ मुठभेड़
प्राप्त जानकारी के अनुसार अजय अपने बटालियन के साथ सर्च ऑपरेशन में शनिवार को अहले सुबह निकला था। वह गिरिडीह जिले के देवरी के ढेंगाडीह गांव का रहने वाला था। जवान अजय राय अहले सुबह अपने बटालियन के जवानों के साथ सर्च ऑपरेशन में निकला था। इसी दौरान पाकिस्तान के आंतकियों के साथ बटालियन के जवानों के साथ मुठभेड़ हुआ। जिसमे एक गोली अजय राय को लगने की बात सामने आई है। गोली लगने के बाद अजय राय मौके पर ही शहीद हो गया।
2016 में सीआरपीएफ में दिया था योगदान
परिजनों के अनुसार अजय ने साल 2016 में सीआरपीएफ में योगदान दिया था। अभी हाल में वे एफ/112 बटालियन में थे। उनकी ड्यूटी अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा में दी गई थी। शनिवार की सुबह वे पुलवामा जिले के अवंतिपुरा में ड्यूटी पर तैनात थे। यहां मोर्चा पर संतरी की ड्यूटी वो कर रहे थे। इसी बीच सुबह में आतंकियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। इसी गोलीबारी में अजय को गोली लगी और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
गांव में शोक की लहर
घटना की सूचना परिजनों को मिलते ही परिजन दहाड़ मार कर रोने लगे। वहीं पूरे क्षेत्र शोक की लहर दौड़ गई। घटना की सूचना मिलते ही प्रखंड क्षेत्र के कई गांवों के लोग शहीद जवान के घर पहुंच कर परिजनों को सांत्वना दे रहे हैं। अजय कुमार राय के पिता राजू राय व पत्नी स्वाति समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल बना हुआ है। अजय का परिवार गिरिडीह के पटेल नगर में किराए के मकान में रहता है।