Ranchi Desk :आज सावन महीने का छठा सोमवार है। इसके साथ ही अधिक मास का अंतिम सोमवार भी है। ऐसे तो पूरा सावन महीना ही भगवान भोले के लिए खास माना जाता है। लेकिन, सावन का प्रत्येक सोमवार की महत्ता अधिक है। इस दिन भगवान शंकर और माता पार्वती की पूजा-आराधना करने और व्रत रखने का महत्व है।
देवघर में सुबह 3 बजे खुले पट
देवघर आज सुबह 3 बजे मंदिर के पट खोले गए और सरदारी पूजा के बाद आम भक्तों के लिए अरघा सिस्टम से जल अर्पण शुरू कराया गया l यहां 4 किलोमीटर लंबी लाइन लगी है। आज भक्तों की लाइन B.Ed कॉलेज तक पहुंच गई। हालांकि बेहतर व्यवस्था की वजह से कतार लगातार छोटी होती गई देवघर एसडीओ और मंदिर प्रभारी दीपांकर चौधरी ने कहा कि सभी व्यवस्थाएं श्रावणी मेले की तर्ज पर दुरुस्त की गई हैं। सरदार पंडा ने बताया कि पुरुषोत्तम मास में दर्शन और जल अर्पण का विशेष लाभ मिलता है।
पटना के शिवालयों में भी दिखी भीड़
सावन महीने में भगवान शिव को प्रसन्न करने के लिए पूजा में धतूरा, भांग और बेलपत्र अवश्य चढ़ाएं। इसके साथ ही सावन महीने में शिव के रुद्राभिषेक का खास महत्व है। हर साल पटना जंक्शन स्थित महावीर मंदिर में सावन की सोमवारी को रुद्रा अभिषेक के लिए खास तैयारियां की जाती है। इसके लिए भक्त हफ्तों पहले सोमवार के दिन रुद्र अभिषेक के लिए स्लॉट बुक करवाते हैं।
मलमास की वजह से 8 सोमवारी
इस साल मलमास लगा है। सावन महीने में लगे इस मलमास को अधिक मास भी कहते हैं। इस बार सावन में 8 सोमवारी को भक्त जलाभिषेक करेंगे। पंचांग के अनुसार, 14 अगस्त को अधिक मास का अंतिम सोमवारी व्रत रखा जाएगा। इस दिन अधिक मास की मासिक शिवरात्रि भी पड़ रही है। इससे इसका महत्व और अधिक बढ़ गया है।
14 अगस्त की सोमवारी को पूजा का शुभ मुहूर्त सुबह 04:50 से सुबह 05:34 तक। फिर गोधूलि मुहूर्त शाम 07:07 से शाम 07:29 तक चलेगा। वहीं अमृत काल मुहूर्त सुबह 08:27 से सुबह 10:14 तक चलेगा। 13 अगस्त की दोपहर 03:56 से सिद्धि योग शुरू हो गया था। जो 14 अगस्त दोपहर 04:40 तक चलेगा। इसके बाद सर्वार्थ सिद्धि योग आज सुबह 11:07 से शुरू होकर 15 अगस्त सुबह 05:50 तक चलेगा।
मलमास महीने की आज आखिरी सोमवारी
आज मलमास महीने के सावन का आखरी सोमवार है। इसी के साथ आज मलमास महीने का शिवरात्रि भी है। जिससे इस सोमवार की महत्ता और अधिक है। जो भी कन्याएं या महिलाएं आज शिव की पूजा और व्रत करती हैं तो उनकी मनोकामनाएं पूर्ण होंगी। ऐसा शुभ योग काफी समय बाद लगा है।
मलमास महीने के आखरी सोमवार को लोगों की भीड़ भी मंदिरों में उमड़ रही है। जिससे पटना के मंदिरों में बम भोले की जयकार सुनाई दे रहा है। आज शिवरात्रि होने के कारण भी सुबह से मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ लगी हुई है। शिव तक अपनी मनोकामना पहुंचाने के लिए भक्त नंदी के कानों में अपनी बातों को कह रहे हैं।