PATNA: आज पटना के गांधी मैदान में बीजेपी कार्यकर्ताओं का महाजुटान हो रहा है। नई शिक्षक भर्ती नियमावली के विरोध में और 10 लाख रोजगार के मुद्दे पर विधानसभा मार्च आयोजित किया जाना है। गांधी मैदान में राज्यभर से भाजपा के दिग्गज नेताओं और कार्यकर्ता जुटेंगे।
हजारों प्रदर्शनकारियों जुटेंगे इस मार्च में
पार्टी ने शिक्षकों और बेरोजगारों से भी नीतीश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन में शामिल होने का आह्वान किया है। हजारों प्रदर्शनकारियों के इस मार्च में जुटने की संभावना है। इस दौरान शिक्षक भर्ती नियमावली, रोजगार के अलावा अगुवानी पुल हादसा, भ्रष्टाचार और कानून व्यवस्था के मुद्दे पर भी महागठबंधन सरकार को घेरा जाएगा। बीजेपी का मार्च सुबह 11 बजे गांधी मैदान से शुरू होगा।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
बीजेपी नेता और कार्यकर्ता डाकबंगला चौराहा, आयकर गोलंबर होते हुए विधानसभा पहुंचेंगे। दूसरी ओर, बीजेपी के प्रदर्शन को देखते हुए पटना में सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पटना पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए बैरिकैडिंग की है।
गांधी मैदान से लेकर विधानसभा तक 40 मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। वहीं, बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की भी ड्यूटी लगाई गई है। विधानसभा मार्च में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी, पूर्व डिप्टी सीएम सुशील मोदी समेत बड़ी संख्या में विधायक, सांसद, प्रदेश पदाधिकारियों एवं अन्य नेता शामिल होंगे।