राजधानी पटना से सटे खुसरुपुर थाना क्षेत्र के मौसिमपुर गांव के कुछ दबंगों ने महादलित टोला की एक दलित महिला के साथ हैवानियत की सारी हदें पार कर दी। महिला का आरोप है कि दबंगों ने उसे नंगा कर बुरी तरह से पीटा और उसको जबरन पेशाब पिलाया। बताया जा रहा है कि घटना के बाद महादलित टोला में दहशत का माहौल है। महिला के सिर में चोट आई है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जैसी जानकारी मिल रही हैं, पीड़ित दलित महिला ने गांव के ही एक व्यक्ति से कर्ज के तौर पर डेढ़ हजार रुपए ब्याज पर लिए थे। दलित महिला का दावा है कि उसने मूलधन के साथ ब्याज का पैसा लौटा दिया था। लेकिन वह और पैसों की मांग करते हुए महिला पर लगातार दबाव बना रहा था। महिला ने जब पैसे देने से इनकार कर दिया तो आरोपी ने उसे नंगा कर गांव में घुमाने की धमकी दे डाली। इसी बीच आरोपी ने महिला के साथ मारपीट की। पीड़िता ने उस घटना की जानकारी पुलिस को दे दी।
महिला की सूचना पर पुलिस गांव पहुंची और प्रमोद सिंह नामक व्यक्ति से पूछताछ की। महिला का आरोप है कि इस बात से नाराज आरोपी प्रमोद सिंह शनिवार की देर रात अपने सहयोगियों के साथ उसके घर में घुस गया और उसे जबरन उठाकर अपने घर ले गया। घर ले जाने के बाद आरोपी ने महिला को नंगा कर दिया और इसके बाद महिला के साथ मारपीट की और अपने बेटे से महिला के मुंह पर पेशाब करवा दिया। महिला का कहना है कि वह बाद में किसी तरह से वहां से भाग निकली और अपने घर पहुंची।
जिसके बाद परिजनों द्वारा घटना की जानकारी दिए जाने के बाद मौके पर पुलिस पहुंची और फिर पुलिस ने घायल महिला को इलाज के लिए खुसरूपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है। पूरे मामले पर फतुहा पुलिस अनुमंडल के SDPO सियाराम यादव ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी भी की जा रही है।