News Desk :उत्तराखंड में इन दिनों मौसम कहर ढा रहा है। लगातार हो रही बारिश से जल प्रलय जैसी स्थिति बन गई है। एक बार फिर से ऋषिकेश में बनी भगवान शिव की मूर्ति डूबती नजर आ रही है। वहीं भूस्खलन से कई लोगों की जिंदगी खत्म हो गई है। अभी भी पहाड़ों पर भूस्खलन का दौर जारी है। बारिश की बात करें तो आज भी कई जिलों में बारिश का अनुमान है।मौसम विभाग का मानना है कि उत्तराखंड के कुछ क्षेत्रों में बारिश देखने को मिल सकती है। यहां तूफान की भी चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग की मानें तो कई इलाकों में हल्की बारिश होगी और कहीं आसमान से एक बार फिर आफत बरस सकती है।
हिमाचल में तबाही के बाद राज्य आपदा घोषित, CM सुक्खू बोले- जल्द जारी होगा नोटिफिकेशन
हिमाचल प्रदेश में जुलाई-अगस्त के महीने में हुई बारिश में जमकर तबाही मचाई. इससे आम जन जीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हुआ है. हिमाचल प्रदेश सरकार लगातार केंद्र सरकार से मांग कर रही है कि इस तबाही को राष्ट्रीय आपदा घोषित की जाए, लेकिन अब तक ऐसा नहीं हो सका है. इसकी हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बताया कि सरकार ने इस तबाही को राज्य आपदा घोषित कर दिया है. जल्द ही इसकी नोटिफिकेशन जारी हो जाएगी.
अबतक 7659.93 करोड़ रुपए का नुकसान
हिमाचल प्रदेश को 24 जून से लेकर अब तक सेवंथ 7659.93 करोड़ रुपए का नुकसान हो चुका है. बकौल मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू या नुकसान 10 हजार करोड़ रुपए के पार जाने की आशंका है. प्रदेश में 1 हजार 957 घर पूरी तरह तबाह हो चुके हैं, जबकि 9 हजार 344 घरों को आंशिक तौर पर नुकसान हुआ है. इसके अलावा 293 दुकानें और 4 हजार 072 पशु घर भी तबाह हो गए हैं. प्रदेश भर में डेढ़ महीने के छोटे से अंतराल में ही 113 भूस्खलन और 58 फ्लैश फ्लड की घटनाएं रिकॉर्ड की गई हैं. प्रदेश में अब तक 330 लोग अपनी जान गवा चुके हैं, जबकि 38 लोग अलग-अलग दुर्घटनाओं में लापता हैं. प्रदेश भर में घायलों का आंकड़ा भी 322 तक जा पहुंचा है.
उत्तरकाशी में छाए हल्के बादल
उत्तरकाशी जिले में गुरुवार की सुबह हल्के बादल छाए हुए हैं। गंगोत्री और यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात सुचारू है। यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर हनुमान चट्टी के पास गत बुधवार की शाम को भूस्खलन हुआ था। जिसे राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण बड़कोट खंड की टीम ने रात को सुचारू कर दिया है। लगातार हो रहे भूस्खल की वजह से यातायात प्रभावित हो रही है।
जाखन गांव में 10 मकान धराशायी
भूधंसाव के चलते पछवादून क्षेत्र की बिन्हार की मदरसू ग्राम पंचायत का जाखन गांव बुधवार को आपदा की चपेट में आ गया। देहरादून जिला मुख्यालय से करीब 65 किमी दूर दुर्गम पर्वतीय क्षेत्र स्थित इस गांव के ऊपर की तरफ से गुजर रही सड़क से बुधवार सुबह शुरू हुआ भूधंसाव देखते ही देखते ग्रामीणों के घरों तक पहुंच गया। यहां 10 आवासीय भवन धराशायी हो गए और 10 अन्य चौड़ी दरारें आने के कारण क्षतिग्रस्त हो गए। प्रशासन के अनुसार दरारें छह इंच से एक फीट तक चौड़ी हैं।
अचानक मकानों में दरारें आती देख आनन-फानन लोग घरों से निकलकर सुरक्षित स्थानों पर चले गए। धराशायी हुए भवनों से ग्रामीणों को सामान निकालने का भी समय नहीं मिला। कुछ ही देर बाद मकान भरभराकर गिरने लगे। यह देख जिला प्रशासन ने पूरा गांव खाली करा दिया।