PATNA: पटना-विधानसभा के चौथे दिन सदन के अन्दर हंगामा कर रहे विधायक जीवेश मिश्रा को मार्शल आउट किया गया। बताते चलें कि आज बिहार विधानसभा के मानसून सत्र का चौथा दिन है। स्पीकर अवध बिहारी चौधरी के आदेश पर बीजेपी के विधायक जीवेश मिश्रा को मार्शल बुलाकर सदन के बाहर कर दिया गया। सदन से बाहर किए जाने के बाद जीवेश मिश्रा काफी गुस्से में दिखे।
पूर्व मंत्री जीवेश ने क्या कहा
उन्होंने कहा कि सदन में 10 लाख टीचरों की बहाली के मुद्दे पर सवाल पूछे थे। मैंने सभी टीचरों की बहाली पुराने नियमन से करने की मांग की थी। इसी बात को मैंने सदन में उठाया। मैंने शांतिपूर्ण तरीके से इस विषय को उठाया। सदन का वीडियो फुटेज देखा जा सकता है। ये लोग विधायकों को मार्शल आउट करने की आदत सीख लिए हैं। अध्यक्ष पक्षपातपूर्ण कार्य कर रहे है। सत्ता पक्ष के एजेंट के रूप में काम कर रहे है। इस स्पीकर के समय में नई परंपरा शुरू हुई है।
टीचर परेशान हैं। उनपर लाठियां बरसाई जा रही है। टीचरों का जो पुराना नियमन था, उसकी मांग की जा रही है। मुख्यमंत्री सदन में थे, उन्हें शर्म करनी चाहिए। एनडीए के शासनकाल में जिस तरह से टीचरों की बहाली कर रहे थे, वही नियम लागू होना चाहिए था। आपने नियम में क्यों बदलाव किया। क्या विपक्ष सवाल नहीं पूछेगा।